EDUCATIONutrakhandखेल

.रडू गांव की 16 साल की काशया राणा ने बास्केटबॉल में नेशनल स्कूल टीम में जगह बनाकर उत्तराखंड का नाम रोशन किया

जन एक्सप्रेस /विकास नगर/त्यूनी :-  तहसील त्यूनी के रडू गांव की बेटी कुमारी काशया, पिता कल्याण सिंह राणा की पुत्री ने महज 16 साल की उम्र में बास्केटबॉल में नेशनल स्कूल स्तर पर चयन पाकर पूरे परिवार, गांव और क्षेत्र का मान बढ़ा दिया है। यह उपलब्धि न केवल काशया की मेहनत का नतीजा है, बल्कि पहाड़ी गांवों की बेटियों के लिए भी बड़ी प्रेरणा बन गई है।
रडू जैसे छोटे गांव से निकलकर काशया का राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचना आसान नहीं था। रोजाना स्कूल, पढ़ाई और प्रैक्टिस के बीच उन्होंने लगातार मेहनत और लगन से अपना लक्ष्य हासिल किया। कोर्ट पर उनकी गति, ड्रिब्लिंग और टीम वर्क ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया, जिसके बाद उन्हें नेशनल स्कूल बास्केटबॉल टीम में जगह मिल गई।
गांव में खुशी का माहौल

काशया के चयन की खबर फैलते ही रडू गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। गांव के बुजुर्ग, युवा और खासकर बेटियां उनके घर पहुंचकर बधाई दे रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि काशया ने सिर्फ अपने परिवार का नहीं, पूरे रडू गांव और त्यूनी क्षेत्र का मान बढ़ाया है।
पिता कल्याण सिंह राणा और परिवार के सदस्य बेटी की इस सफलता से गदगद हैं। वे कहते हैं कि काशया बचपन से खेलों में रुचि रखती थी और पढ़ाई के साथ-साथ कोर्ट पर भी पूरी मेहनत करती रही। गांव की अन्य बेटियां अब काशया को रोल मॉडल मान रही हैं और खेलों की तरफ रुझान बढ़ा रही हैं।प्रेरणा का स्रोत काशया राणा की यह सफलता सिर्फ व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है। जौनसार-बावर जैसे क्षेत्र में जहां बेटियों के लिए खेलों के अवसर सीमित होते हैं, वहां उनकी मेहनत ने साबित कर दिया कि लगन हो तो गांव की लड़की भी नेशनल स्तर पर पहुंच सकती है। उन्होंने उत्तराखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

क्षेत्र के लोग अब उम्मीद कर रहे हैं कि काशया नेशनल प्रतियोगिता में और बेहतर प्रदर्शन करेंगी और आगे और ऊंचाइयों को छुएंगी। उनकी कहानी अन्य युवाओं और बेटियों को बता रही है कि मेहनत और लगन से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।
काशया राणा – रडू गांव की शान और उत्तराखंड की उभरती बास्केटबॉल स्टार।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button