
जन एक्सप्रेस /दिनेशपुर :- नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दिनेशपुर थाना पुलिस ने एक युवक को 32 पाउच कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, एसएसपी ऊधम सिंह नगर के निर्देश पर जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दिनेशपुर थाना पुलिस क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे जसवीर सिंह पुत्र जसपाल सिंह निवासी जयनगर नंबर एक, दिनेशपुर को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद सफेद रंग के प्लास्टिक के कट्टे से 32 पाउच कच्ची शराब बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ थाना दिनेशपुर में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।






