हल्द्वानी में दो बाइकों की भिड़ंत, ग्राम विकास अधिकारी समेत दो युवकों की मौत
भांजी की शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे थे राजीव गुप्ता, हादसे में एक युवक गंभीर घायल

जन एक्सप्रेस /हल्द्वानी :- रामपुर रोड पर बेलबाबा के पास सोमवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में ग्राम विकास अधिकारी समेत दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान कालाढूंगी निवासी सौरभ बिष्ट (29) और रुद्रपुर के समपुरा निवासी राजीव गुप्ता (29) के रूप में हुई है। हादसे की सूचना से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब सात बजे बेलबाबा के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि राजीव गुप्ता अपनी भांजी भावना की शादी का कार्ड बांटकर अपने बहनोई प्रेम शंकर के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में सौरभ बिष्ट और राजीव गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रेम शंकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सौरभ बिष्ट तीन बहनों के इकलौते भाई थे। उनके पिता कुंदन बिष्ट का कई वर्ष पहले निधन हो गया था। इसके बाद उनकी मां किसनी देवी ने कठिन परिस्थितियों में बच्चों का पालन-पोषण किया। सौरभ अविवाहित थे और करीब एक वर्ष पहले उनका चयन ग्राम विकास अधिकारी के पद पर हुआ था। वर्तमान में उनकी तैनाती बेतालघाट में थी। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
वहीं, राजीव गुप्ता की मौत से रुद्रपुर स्थित उनके परिवार में भी मातम छा गया। परिजनों के अनुसार, राजीव अपनी भांजी भावना की शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे थे। भावना की शादी 15 नवंबर को होनी है। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन हादसे की खबर मिलते ही खुशियां मातम में बदल गईं।
एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि दोनों मृतकों के शव मोर्चरी भिजवा दिए गए हैं। घायल युवक का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।






