टिहरी जनता दरबार में डीएम नितिका खण्डेलवाल ने सुनीं 37 शिकायतें
टिहरी में जनता दरबार: डीएम नितिका खण्डेलवाल ने सुनीं 37 शिकायतें, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

जन एक्सप्रेस/ नई टिहरी। जनसमस्याओं के समाधान और आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनता दरबार आयोजित किया गया। जनता दरबार में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और मांगें जिलाधिकारी के सामने रखीं। इस दौरान कुल 37 शिकायत एवं मांग पत्र प्राप्त हुए। डीएम ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की समीक्षा
जनता दरबार के दौरान मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और जन समर्पण पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारण किया जाए। जिन शिकायतों का समाधान हो चुका है, उन्हें तत्काल संबंधित पोर्टल पर अपडेट किया जाए।
वहीं, जिला योजना की समीक्षा करते हुए डीएम ने समय से आवंटित धनराशि खर्च करने और बकाया धनराशि के आवंटन के लिए मांग पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
भूमि सीमांकन से लेकर बस अड्डे पर खोखा आवंटन तक उठीं समस्याएं
जनता दरबार में तहसील कण्डीसौड़ के ग्राम कन्स्यूड़ निवासी सुन्दर सिंह ने अपनी पैतृक भूमि का सही तरीके से सीमांकन कराने की मांग उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने एसडीएम टिहरी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वहीं, बौराड़ी निवासी फगण सिंह और सोवन सिंह ने बौराड़ी बस अड्डे पर खोखा आवंटित कराने की मांग रखी। इस मामले में प्रभारी अधिकारी पुनर्वास को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
सड़क के पानी से मकान को खतरा, PWD को कार्रवाई के निर्देश
ग्राम कोटी, थाती बूढ़ाकेदार निवासी सत्यवीर सिंह रावत ने झाला-कोटी मार्ग की समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग की सड़क का ढलान उनके मकान की ओर होने के कारण नहर और बारिश का पानी सड़क से बहकर घर की तरफ आ रहा है। इससे मकान में दरारें पड़ गई हैं और भवन को क्षति पहुंचने का खतरा बना हुआ है। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग घनसाली को तत्काल उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
दुकान के सामने रास्ता रोकने की शिकायत पर संयुक्त निरीक्षण
ओपन मार्केट बौराड़ी निवासी जसवन्त सिंह रावत ने अपनी दुकान के सामने आम रास्ते पर साड़ियां टांगकर आवागमन बाधित करने और दुकान को ढकने की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने एसडीएम टिहरी और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को संयुक्त रूप से मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
दिव्यांग व्यक्ति की KYC समस्या के समाधान के निर्देश
तहसील टिहरी के ग्राम स्वाड़ी निवासी अनिल सुयाल ने बताया कि वह शारीरिक रूप से दिव्यांग हैं। फिंगरप्रिंट संबंधी समस्या के कारण बैंक में उनकी केवाईसी नहीं हो पा रही है। इसके चलते उन्हें किसान सम्मान निधि और अन्य बैंकिंग सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी और जिला समाज कल्याण अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई कर समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए।
जनता दरबार में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, सीएमओ डॉ. राम प्रकाश, एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता, डीडीओ मोहम्मद असलम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।






