वरिष्ठ पत्रकार बद्री चौहान का निधन, पत्रकारिता जगत में शोक की लहर
वरिष्ठ पत्रकार बद्री चौहान का निधन, हरदोई के पत्रकारिता जगत में शोक

जन एक्सप्रेस/हरदोई । लखनऊ से प्रकाशित एक दैनिक समाचार पत्र में हरदोई जनपद के हरपालपुर क्षेत्र से संवाददाता के रूप में कार्यरत वरिष्ठ पत्रकार बद्री चौहान का शनिवार देर शाम लखनऊ के विवेकानंद अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। वह पिछले करीब एक माह से लीवर संबंधी बीमारी से पीड़ित थे। उनके निधन की खबर से पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, बद्री चौहान का पिछले एक माह से अस्पताल में उपचार चल रहा था। बीते सप्ताह स्वास्थ्य में सुधार होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी और वह घर लौट आए थे। हालांकि, दोबारा तबीयत बिगड़ने पर करीब एक सप्ताह पूर्व उन्हें फिर लखनऊ के विवेकानंद अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार देर शाम उन्होंने अंतिम सांस ली।
बद्री चौहान के असामयिक निधन से पत्रकारिता जगत ने एक कर्मठ साथी खो दिया है। वह अपने पीछे पत्नी, 12 वर्षीय पुत्र और करीब छह वर्षीय पुत्री को छोड़ गए हैं। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त हो गया।
उनके निधन पर पत्रकारों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया। तमाम लोग उनके आवास पर पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। सभी ने दिवंगत पत्रकार को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
वरिष्ठ पत्रकार बद्री चौहान का यूं असमय चले जाना पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके निधन से हरदोई के पत्रकारिता क्षेत्र में शोक की लहर है।






