एक दिन, एक जगह ढेरों सुविधाएं,विधिक सेवा शिविर में पात्र लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ
जिला जज सुनील कुमार ने किया शिविर का शुभारंभ
जन एक्सप्रेस / उत्तरप्रदेश
रिपोर्ट – संतोष पांडेय
सुलतानपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में रविवार को पं. राम नरेश त्रिपाठी सभागार में वृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर ‘एक दिन, एक जगह ढेरों सुविधाएं’ का आयोजन किया गया। जनपद न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष सुनील कुमार-चतुर्थ की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों ने जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए जागरूक किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। केएनआईटी के विधि विद्यार्थियों ने मध्यस्थता पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को आपसी विवादों का समाधान बातचीत के माध्यम से करने का संदेश दिया।
जनपद न्यायाधीश ने कहा कि शिविर का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर विधिक जानकारी और विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। उन्होंने बच्चों के टीकाकरण तथा किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया।

मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला, किसान सम्मान निधि, छात्रवृत्ति सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। न्यायिक अधिकारियों ने गरीब, वंचित एवं जरूरतमंद लोगों तक विधिक सहायता और न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने पर बल दिया। शिविर में विभिन्न विभागों के माध्यम से लाभार्थियों को टूल किट, आवास की डेमो चाबी, डेमो चेक, स्मार्ट केन, कान की मशीन, डेमो सिलेंडर एवं पुस्तकें वितरित की गईं। जनपद न्यायाधीश ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी ली और लाभार्थियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश फरहा मतलूब, अपर जनपद न्यायाधीश संध्या चौधरी, राकेश पाण्डेय, सचिव मुक्ता त्यागी, पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल, मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित न्यायिक अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। संचालन सचिव मुक्ता त्यागी ने किया।






