सरदार पटेल जयंती पर मनाया राष्ट्रीय एकता दिवस, अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली एकता की शपथ

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण ढंग से मनाई गई। मुख्य कार्यक्रम कलेक्ट्रेट स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार में आयोजित हुआ। यहां मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में लखनऊ में आयोजित सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास योजना के शुभारंभ तथा राष्ट्रीय एकता दिवस शपथ ग्रहण समारोह का सजीव प्रसारण किया गया।
कार्यक्रम में प्रभारी सीडीओ एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए अशोक कुमार मौर्य, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, डीडीओ कमलेश कुमार सहित अधिकारियों, कर्मचारियों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली।
नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि देश के एकीकरण में सरदार वल्लभभाई पटेल का योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए सभी से अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा राष्ट्रीय एकता की शपथ का पालन करने का आह्वान किया।
इसके बाद राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। दौड़ स्वामी विवेकानंद सभागार से शुरू होकर गांधी भवन में संपन्न हुई। इसमें अधिकारियों, कर्मचारियों, खिलाड़ियों और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को मजबूत बनाने का संदेश दिया।
वहीं, जिला कारागार में जेल अधीक्षक अमन कुमार सिंह ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की और कारागार कर्मियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी को राष्ट्रीय एकता की भावना मजबूत करने के लिए प्रेरित किया।
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पुलिस कार्यालय में एसपी अशोक कुमार मीणा ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण किया। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। इस दौरान पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।






