सितारगंज में दर्दनाक सड़क हादसा, मां-बेटी की मौत
पेरेंट्स मीटिंग में जा रही थीं मां-बेटी, तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर; काफी दूर तक घसीटने का आरोप

जन एक्सप्रेस /सितारगंज :- उधम सिंह नगर के सितारगंज में आरके ढाबे के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां और उनकी छह वर्षीय मासूम बेटी की मौत हो गई। दोनों पेरेंट्स मीटिंग में शामिल होने जा रही थीं, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान 34 वर्षीय मीनू और उनकी छह वर्षीय बेटी अनिस्का के रूप में हुई है। दोनों मुकेश कुमार निवासी दड़ाह फार्म, उत्तरांचल कॉलोनी के परिवार से हैं। बताया जा रहा है कि मां-बेटी पेरेंट्स मीटिंग के लिए जा रही थीं। इसी दौरान आरके ढाबे के पास तेज रफ्तार कार (यूपी14-बीएक्स-0039) अनियंत्रित हो गई और दोनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार उन्हें काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। दोनों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने हादसे में शामिल कार को भी कब्जे में ले लिया है और चालक को पकड़ लिया है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। एक ही परिवार में मां और मासूम बेटी की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है। पेरेंट्स मीटिंग में शामिल होने निकली मां-बेटी घर वापस नहीं लौट सकीं।






