utrakhandउत्तरकाशी

राष्ट्रीय एकता दिवस पर नैनीताल पुलिस लाइन में निकाली गई एकता परेड

एडीजी प्रशासन एपी अंशुमान ने पुलिस कर्मियों को दिलाई राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ, छह पुलिस कर्मियों को डीजीपी डिस्क से किया सम्मानित

जन एक्सप्रेस /नैनीताल :-  लौह पुरुष भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर नैनीताल पुलिस लाइन में भव्य एकता परेड का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) उत्तराखंड एपी अंशुमान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के मार्गदर्शन में किया गया। मुख्य अतिथि एपी अंशुमान ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने सरदार पटेल के जीवन और देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दूरदर्शिता और दृढ़ इच्छाशक्ति से 565 से अधिक रियासतों का भारत संघ में विलय कर अखंड भारत की नींव रखी थी।

उन्होंने कहा कि अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और एकजुटता राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत हैं। पुलिस बल का दायित्व है कि वह देश की आंतरिक सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहे।

इस दौरान मुख्य अतिथि ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। साथ ही सेवा के आधार पर एवं विशिष्ट कार्यों के लिए जनपद के छह पुलिस कर्मियों को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क (गोल्ड एवं सिल्वर) से सम्मानित किया गया।

सम्मानित होने वालों में उप निरीक्षक चन्द्रशेखर, उप निरीक्षक दिलीप सिंह, अपर उप निरीक्षक जानकी वर्मा, अपर उप निरीक्षक हरीश चन्द्र, मुख्य आरक्षी वीरेन्द्र राम और आरक्षी शंकर नाथ शामिल रहे।

कार्यक्रम के बाद मुख्य अतिथि ने परेड ग्राउंड में परेड की सलामी ली और पुलिस कर्मियों की जनसेवा की सराहना की। इस मौके पर प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन हरकेश सिंह सहित जनपद के विभिन्न थानों और पुलिस इकाइयों के प्रभारी मौजूद रहे।

इसके अलावा जनपद के सभी थानों, चौकियों, पुलिस कार्यालयों और अन्य इकाइयों में भी राष्ट्रीय एकता दिवस पर पुलिस कर्मियों ने संबंधित प्रभारियों के नेतृत्व में एकता की शपथ ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button