16 से 30 नवंबर तक होगी स्व-गणना, एक दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना कराई जाएगी। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे। इस संबंध में सोमवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल की अध्यक्षता में बैठक हुई।
सीडीओ ने नागरिकों से जनगणना पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना कर राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने बताया कि स्व-गणना पूरी होने पर एक आईडी नंबर मिलेगा, जिसे घर पहुंचने वाले प्रगणक को उपलब्ध कराना होगा।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दीपाली भार्गव ने स्व-गणना की प्रक्रिया की जानकारी दी। वहीं, मास्टर ट्रेनर ने स्व-गणना पोर्टल के संबंध में प्रशिक्षण दिया। बैठक में पत्रकारों, प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों और जनगणना चार्ज अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।






