मूर्ति विसर्जन को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने सीताकुंड घाट का किया निरीक्षण
सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

जन एक्सप्रेस /सुलतानपुर :- दुर्गा प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन सतर्क है। इसी क्रम में जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह के साथ सीताकुंड घाट स्थित मूर्ति विसर्जन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विसर्जन की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विसर्जन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन और भीड़ प्रबंधन सहित अन्य जरूरी इंतजामों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विसर्जन कार्यक्रम के दौरान सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं, ताकि श्रद्धालुओं और शोभायात्रा में शामिल लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
जिलाधिकारी ने कानून-व्यवस्था पर लगातार निगरानी बनाए रखने तथा संवेदनशील स्थलों और शोभायात्रा मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, जिससे मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।






