पीईटी-2026 को नकलविहीन और शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग, एएसपी पश्चिमी ने दिए निर्देश

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को जनपद में शुचितापूर्ण, नकलविहीन, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी अखिलेश सिंह ने पुलिस लाइन स्थित सभागार में परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग की। इस दौरान उन्होंने परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ब्रीफिंग के दौरान एएसपी पश्चिमी ने ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों का पूरी सतर्कता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी परीक्षा से संबंधित निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें, जिससे परीक्षा की शुचिता बनी रहे और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
जनपद में 25 एवं 30 अक्टूबर तथा एक नवंबर को आयोजित होने वाली पीईटी-2026 के मद्देनजर पुलिसकर्मियों को अपनी ड्यूटी के प्रति सजग रहने और परीक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराना है, ताकि अभ्यर्थियों को शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा देने का अवसर मिल सके।






