काशीपुर में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई, 210 लीटर कच्ची शराब बरामद

जन एक्सप्रेस /काशीपुर :- अवैध कच्ची शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत काशीपुर पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान कुल 210 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई, जबकि शराब बनाने के लिए तैयार करीब 6 हजार लीटर लहन नष्ट किया गया। इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरा मौके से फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक, पहली कार्रवाई ग्राम रमपुरा में की गई। यहां अवैध शराब बनाने की सूचना पर पुलिस टीम ने छापा मारा। पुलिस को देखकर भट्टी संचालक सुरेन्द्र सिंह पुत्र जोगेन्द्र सिंह, निवासी रमपुरा, फरार हो गया। मौके से करीब 100 लीटर कच्ची शराब और शराब बनाने के उपकरण बरामद किए गए। पुलिस ने करीब 3 हजार लीटर लहन नष्ट कर जलती भट्टी को ध्वस्त कर दिया। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
वहीं, दूसरी कार्रवाई कुंडेश्वरी चौकी क्षेत्र के जगतपुर में की गई। पुलिस ने यहां शराब तैयार कर रहे लखविंदर उर्फ निक्का पुत्र करतार सिंह, निवासी जगतपुर, कुंडेश्वरी, काशीपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, मौके से करीब 110 लीटर कच्ची शराब और शराब बनाने के उपकरण बरामद किए गए। इसके अलावा करीब 3 हजार लीटर लहन नष्ट किया गया और शराब बनाने की भट्टियों को ध्वस्त किया गया।
पुलिस ने बताया कि रमपुरा मामले में फरार आरोपी सुरेन्द्र सिंह के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर के निर्देश पर अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।






