
जन एक्सप्रेस /बनबसा :- नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बनबसा पुलिस ने 2,770 नशीले कैप्सूल और टैबलेट बरामद कर बरेली निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को सीज करने के साथ आरोपी के कब्जे से चार हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्रम सिंह (35), निवासी बहेड़ी, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। चेकिंग के दौरान पुलिस ने उसकी स्विफ्ट कार से नशीले कैप्सूल और टैबलेट बरामद किए।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर कुमाऊं क्षेत्र में दवाइयों की आड़ में नशीली दवाओं की आपूर्ति करने की बात कही है। पुलिस अब दवाओं की खरीद-फरोख्त और संभावित सप्लाई नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
मामले में थाना बनबसा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।






