सड़क पर अचानक आई गाय से टकराई बाइक, दंपति घायल; पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल

जन एक्सप्रेस /रुद्रपुर :- बगवाड़ा मंडी के पास सड़क पर अचानक गाय आ जाने से एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर उससे टकरा गई। हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घायल गाय के उपचार की भी व्यवस्था कराई।
पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर की रात वीरेंद्र सिंह पुत्र गोपाल सिंह, निवासी वार्ड नंबर एक, जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से महाराजपुर से रुद्रपुर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान बगवाड़ा मंडी के पास अचानक सड़क पर गाय आ गई। इससे बाइक अनियंत्रित होकर गाय से टकरा गई और दंपति घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर वैभव सैनी, कोतवाली रुद्रपुर के प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक और चौकी प्रभारी बगवाड़ा निर्मल लटवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल पति-पत्नी को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है। वहीं, घायल गाय के उपचार की भी व्यवस्था कराई गई। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में पुलिस की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता सामने आई।






