
जन एक्सप्रेस /सितारगंज :- तहसील सितारगंज में स्थायी उपजिलाधिकारी की नियुक्ति की मांग को लेकर बार एसोसिएशन सितारगंज ने जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर को ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन में कहा गया है कि उपजिलाधिकारी कार्यालय में लंबे समय से स्थायी अधिकारी की नियुक्ति नहीं होने के कारण वादकारियों, अधिवक्ताओं और आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बार एसोसिएशन के अनुसार, स्थायी उपजिलाधिकारी की तैनाती नहीं होने से राजस्व संबंधी वादों, भूमि विवादों और अन्य प्रशासनिक मामलों की सुनवाई एवं निस्तारण प्रभावित हो रहा है। इसके चलते लोगों को अपने मामलों के सिलसिले में बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे उनका समय और धन खर्च हो रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से जिलाधिकारी से जनहित और न्यायहित को ध्यान में रखते हुए सितारगंज में जल्द से जल्द स्थायी उपजिलाधिकारी की नियुक्ति करने की मांग की गई है। बार एसोसिएशन का कहना है कि स्थायी अधिकारी की तैनाती होने से राजस्व और प्रशासनिक कार्यों के सुचारू संचालन के साथ ही लंबित मामलों के निस्तारण में भी मदद मिलेगी।






