UP Breaking NewsUP POLICEउत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

एडीएम ने गर्रा नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर राजस्व टीम के साथ किया निरीक्षण

बी जी मिश्र

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- गर्रा नदी के बढ़ते जलस्तर ने एक बार फिर इलाके में बाढ़ की दहशत और बेचैनी बढ़ा दी है। मंगलवार देर शाम जब अधिकांश लोग अपने घरों में थे, उस वक्त अपर जिलाधिकारी दीपाली भार्गव ने मौके की नजाकत को देखते हुए रात में ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का रुख किया। उनके साथ शाहाबाद न्यायिक एसडीएम अंकित तिवारी तथा सवायजपुर तहसीलदार सौरभ सिंह भी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने जानियामऊ गांव में हाल ही में बनाए गए तटबंध का मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। हालात की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि गर्रा का पानी तटबंध के ऊपर से बह रहा है। यदि रात में नदी का जलस्तर और बढ़ता है तो तटबंध के क्षतिग्रस्त होने के साथ ही उसके समीप बने मकानों पर कटान का खतरा भी मंडरा सकता है।

अपर जिलाधिकारी दीपाली भार्गव ने देर रात तक मौके पर रहकर हालात का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से पल-पल की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने प्रशासनिक अमले को पूरी तरह मुस्तैद और सतर्क रहने के निर्देश दिए। प्रशासन की टीमें लगातार नदी के जलस्तर और तटबंध की स्थिति पर निगाह रखे हुए हैं।

इधर सबदलपुर, मिरकापुर, रौरा, बमटापुर और चिल्लौर की तरफ बाढ़ का पानी तेजी से बढ़ रहा है। दूसरी बार आई बाढ़ ने ग्रामीणों की परेशानी और फिक्र दोनों बढ़ा दी है। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि नदी के पानी में इसी तरह इजाफा होता रहा तो आने वाले घंटों में हालात और चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।फिलहाल प्रशासन की सक्रियता जारी है और ग्रामीणों से एहतियात बरतने, बाढ़ के पानी में अनावश्यक आवागमन न करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना देने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button