
चंद्रप्रकाश बहुगुणा
जन एक्सप्रेस /हरिद्वार :- परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी वर्ष में अखिल विश्व गायत्री परिवार अपने विचारों और रचनात्मक अभियानों को वैश्विक स्तर पर विस्तार देने में जुटा है। इसी क्रम में देव संस्कृति विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष एवं गायत्री परिवार के प्रतिनिधि डॉ. चिन्मय पण्ड्या यूरोप प्रवास पर हैं। इस दौरान वे विभिन्न देशों में गायत्री परिवार के कार्यक्रमों में सहभागिता करने के साथ प्रमुख धर्मगुरुओं, सामाजिक प्रतिनिधियों और संस्थाओं से संवाद कर रहे हैं। प्रवास के दौरान उपाध्यक्ष डॉ. पण्ड्या ने नाइजीरिया के कानो के अमीर महामहिम खलीफा डॉ. मुहम्मद (द्वितीय) सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों से आत्मीय भेंट की। उन्होंने पूज्य गुरुदेव पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के विचारों, गायत्री परिवार के सामाजिक अभियानों और युग निर्माण के संदेश को साझा किया। इस अवसर पर मानवीय एकता, सामाजिक सद्भाव और नैतिक मूल्यों पर भी चर्चा हुई।
इसी क्रम में उन्होंने इंस्टीट्यूट ऑफ जैनोलॉजी के निदेशक डॉ. मेहुल संघराजका एमबीई एवं श्री दिलीप शाह से मुलाकात की। इस दौरान भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक दर्शन और मूल्यपरक शिक्षा के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। साथ ही संस्थागत सहयोग और साझा प्रयासों के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में मिलकर कार्य करने की संभावनाओं पर सहमति बनी। उल्लेखनीय है कि माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी वर्ष गायत्री परिवार के लिए उनके विचारों और संकल्पों को विश्वव्यापी बनाने का विशेष अवसर है। शांतिकंुज मीडिया ने बताया कि डॉ पण्ड्या का यह प्रवास इसी दिशा में विभिन्न देशों के लोगों और संस्थाओं को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना तथा विश्व कल्याण के विचारों से जोड़ने का प्रयास है।






