utrakhandउत्तरकाशी

खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 11 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण; घी और दूध के तीन नमूने जांच को भेजे

जन एक्सप्रेस /हल्द्वानी :-  जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को रामनगर और हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की। इस दौरान कुल 11 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया और घी व खुले दूध के तीन विधिक नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला, ऊधम सिंह नगर भेजे गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामनगर ने क्षेत्र के सात खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही गर्जिया मंदिर परिसर में आगामी मेले की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में भी प्रतिभाग किया गया।

वहीं, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी हल्द्वानी नगर निगम की ओर से हल्द्वानी क्षेत्र में चार खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान घी और खुले दूध के तीन विधिक नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला भेजे गए। इसके अलावा टनकपुर रोड हल्द्वानी में प्राप्त शिकायत के अनुपालन में भी निरीक्षण कर नमूना संग्रहण की कार्रवाई की गई।

निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता बनाए रखने, प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। विभाग ने स्पष्ट किया कि कालातीत यानी एक्सपायरी खाद्य सामग्री का विक्रय, भंडारण और प्रदर्शन नहीं किया जाए।

इसके साथ ही मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं को भी सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों के उपयोग और खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। विभाग के अनुसार, मिलावटखोरी पर प्रभावी रोक लगाने और आमजन को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरीक्षण अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button