
जन एक्सप्रेस /लोहाघाट :- पुलिस ने क्षेत्र की दो दुकानों में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 हजार रुपये नकद, एल्यूमीनियम और नॉनस्टिक के बर्तनों सहित अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी देवेन्द्र सिंह कप्रवाण के पर्यवेक्षण में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 12 नवंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर मायावती आश्रम तिराहे के पास से मोहित कुमार (23) निवासी लोहाघाट को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने नशे की लत पूरी करने के लिए दुकानों में चोरी करने और चोरी किए गए सामान को बेचकर रुपये जुटाने की बात बताई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया है। पुलिस ने व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम करने की अपील की है। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूक करने तथा नशे से संबंधित गतिविधियों की सूचना मानस हेल्पलाइन 1933 पर देने की अपील की है। पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों की सूचना डायल-112 पर देने को भी कहा है।






