
जन एक्सप्रेस /सितारगंज :- नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत सितारगंज पुलिस ने एक कथित स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 8.11 ग्राम शुद्ध स्मैक (हेरोइन) बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर को उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ सिडकुल चौकी क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान जय नगर से शक्तिफार्म जाने वाले मार्ग पर एक व्यक्ति पुलिस को देखकर घबराने लगा और भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सतपाल सिंह उर्फ पाला (31) पुत्र स्वर्गीय करतार सिंह निवासी ग्राम नकुलिया, थाना सितारगंज बताया। तलाशी के दौरान उसकी पैंट की जेब से एक पारदर्शी पन्नी में मटमैले भूरे रंग का चूर्णनुमा पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल करने पर पन्नी सहित इसका वजन 8.88 ग्राम और पन्नी हटाकर वजन 8.11 ग्राम पाया गया। इसके अलावा आरोपी के पास से एक ओप्पो रेनो-11 मोबाइल फोन और 240 रुपये नकद भी बरामद हुए।
पुलिस ने मामले में कोतवाली सितारगंज में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जावेद मलिक, उपनिरीक्षक प्रदीप कोहली तथा कांस्टेबल विनोद जोशी और कमल गहतोड़ी शामिल रहे।






