विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज, जोनल-सेक्टर अधिकारियों को दिया प्रशिक्षण

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 की तैयारियों के तहत गुरुवार को रसखान प्रेक्षागृह में डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल पाण्डेय की अध्यक्षता में जोनल और सेक्टर अधिकारियों का दो पालियों में प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें सभी विधानसभा क्षेत्रों के जोनल-सेक्टर अधिकारी और पुलिस अधिकारी शामिल हुए।डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों का भ्रमण कर वल्नरेबिलिटी मैपिंग पूरी करें। इसके लिए पिछले चुनावों में हुई घटनाओं, थानों के आपराधिक रिकॉर्ड और मतदान को प्रभावित करने वाले अन्य कारकों का गहन विश्लेषण करें। संवेदनशील क्षेत्रों और व्यक्तियों को चिह्नित कर निष्पक्ष मतदान के लिए नियमानुसार निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने सभी बूथों पर पेयजल, बिजली सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की रिपोर्ट मांगी। साथ ही खराब संपर्क मार्गों की जानकारी देने और मोबाइल नेटवर्क कनेक्टिविटी की जांच कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि मतदान से पहले कमियों को दूर कराया जा सके।एसपी अशोक कुमार मीणा ने पुलिस जोनल एवं सेक्टर अधिकारियों को वल्नरेबिलिटी मैपिंग की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने थानों के अभिलेखों का गहन परीक्षण करने, बूथों का स्थलीय निरीक्षण करने तथा पिछले पांच वर्षों के मतदान से संबंधित सूचनाएं जुटाकर आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।इस दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व दीपाली भार्गव सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।







