15 नवंबर को लखनऊ में होगा टैबलेट वितरण कार्यक्रम, डीएम ने तैयारियों के दिए निर्देश

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई स्वामी विवेकानन्द युवा सशक्तिकरण योजना के तहत 15 नवंबर को लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तावित टैबलेट वितरण कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर डीएम राहुल पाण्डेय ने बैठक की। उन्होंने जनपद से कार्यक्रम में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने डिजीशक्ति पोर्टल के माध्यम से चयनित पात्र लाभार्थियों की सूची तैयार कराने तथा टैबलेट वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। लखनऊ जाने वाले छात्र-छात्राओं के लिए आवश्यकतानुसार बसों की व्यवस्था करने और प्रत्येक बस में नोडल अधिकारी व सरकारी कर्मचारी तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्र-छात्राओं को समय से कार्यक्रम स्थल पहुंचाने और कार्यक्रम समाप्ति के बाद सुरक्षित वापस लाने को कहा।डीएम ने छात्र-छात्राओं एवं उनके साथ जाने वाले अधिकारियों के लिए जलपान की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए।
साथ ही टैबलेट प्राप्त करते समय प्रत्येक लाभार्थी की फोटो सुरक्षित रखने और डिजीशक्ति मोबाइल ऐप पर अपलोड कराने को कहा। अधिक संख्या होने पर ग्रुप फोटो भी सुरक्षित रखी जाए।उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से समयबद्ध तैयारियां पूरी करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।बैठक में एडीएम न्यायिक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं शैक्षिक संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।






