
जन एक्सप्रेस /रामनगर :- नैनीताल जिले के रामनगर स्थित किशनपुर छोई में 56 वर्षीय महिला विमला देवी की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में रामनगर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पुरानी रंजिश और बदले की भावना के चलते महिला की हत्या की गई।
पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि ग्राम किशनपुर छोई निवासी त्रिलोक सिंह बिष्ट के घर के बाहर एक महिला का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका की पहचान विमला देवी पत्नी खिलाप सिंह बिष्ट, उम्र 56 वर्ष, निवासी किशनपुर छोई के रूप में की। मृतका के शरीर पर चोटों के गंभीर निशान मिले थे। इसके बाद पुलिस ने फील्ड यूनिट की मदद से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतका के पुत्र कुंदन सिंह बिष्ट की तहरीर पर कोतवाली रामनगर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना के खुलासे के लिए पुलिस और एसओजी की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। पुलिस के मुताबिक, फुटेज में तीन संदिग्ध महिला के साथ मारपीट कर उसे जबरन ले जाते और बाद में वाहन से उसका शव घटनास्थल के पास फेंकते दिखाई दिए।
पुलिस जांच में मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल का नाम सामने आया। पुलिस के अनुसार, मोहित अपने पिता की पूर्व में हुई हत्या का बदला लेने की भावना रखता था। इसी पुरानी रंजिश के चलते उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया, जबकि अन्य दो आरोपियों को रामनगर रेलवे मैदान के पास से उस समय पकड़ा गया, जब वे फरार होने की फिराक में थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित फर्त्याल (32) निवासी किशनपुर छोई रामनगर, सैरान (21) निवासी खताड़ी रामनगर तथा मो. अब्बूजर (22) निवासी खताड़ी रामनगर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तीन डंडे, एक लोहे का पाना, एक पत्थर, घटना में इस्तेमाल वाहन संख्या यूके04-एएन-6012 और मृतका के पेटीकोट का नाड़ा बरामद किया है।
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में रामनगर पुलिस और एसओजी की टीम शामिल रही। एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए 2,000 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।






