
जन एक्सप्रेस /उत्तराखंड :- उत्तराखंड के 26वें राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मंगलवार को नगर पालिका परिषद पुरोला के वार्ड संख्या-6 में नव निर्मित रजत जयंती पार्क का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। इस अवसर पर नगर पालिका परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पालिका अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री का लाइव संबोधन भी सुना। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष बिहारी लाल शाह एवं अधिशासी अधिकारी प्रदीप दयाल सहित पालिका के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री के वर्चुअल उद्घाटन के उपरांत पार्क का शुभारंभ किया गया तथा उपस्थित लोगों ने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।नगर पालिका अध्यक्ष बिहारी लाल शाह ने कहा कि रजत जयंती पार्क नगरवासियों के लिए सुव्यवस्थित सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया गया है, जहां लोग भ्रमण, विश्राम, योगाभ्यास एवं मनोरंजन का लाभ उठा सकेंगे।इस अवसर पर सभासद मनोज हिमानी, अंकित चौहान, पूनम नेगी, अनुराधा गुसाईं, हिमस्वेता, करुणा बिष्ट, रितेश गोदियाल, देवेंद्र चमियाल, बृजमोहन चौहान, ओमप्रकाश नौडियाल, प्यारे लाल हिमानी, कवीन्द्र असवाल, राजेंद्र असवाल, दिनेश उनियाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।






