UP Breaking NewsUP POLICEUPPOLICEउत्तर प्रदेशगोरखपुरटिहरीटॉप न्यूज़ट्रेंडिंगदिल्लीदेशराजनीतिराज्य खबरें

दिवाली पर बस्तर जाएंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सुरक्षा बलों के जवानों के साथ मनाएंगे दीपावली का त्योहार

जन एक्सप्रेस /नई दिल्ली :-  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार दिवाली के शुभ अवसर पर छत्तीसगढ़ के बस्तर में देश के बहादुर सुरक्षा बलों के जवानों के साथ त्योहार मनाएंगे। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अपने बस्तर दौरे की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि वह उन सुरक्षा कर्मियों के साथ दिवाली मनाने जा रहे हैं, जो देश की सुरक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि वह अपने बहादुर सुरक्षा बलों के साथ दिवाली मनाने के लिए बस्तर जा रहे हैं। यह वही क्षेत्र है, जहां कभी नक्सलवाद का प्रभाव था और अब विकास की नई गतिविधियां आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने सुरक्षा बलों के जवानों के बलिदान, निस्वार्थ सेवा और राष्ट्र के प्रति उनके अटूट समर्पण को सलाम भी किया।

पीएम मोदी ने कहा कि देश की सुरक्षा में तैनात जवानों का योगदान अतुलनीय है। त्योहारों के अवसर पर भी ये जवान अपने परिवारों से दूर रहकर देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाते हैं। ऐसे में उनके साथ दिवाली मनाना उनके प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करने का अवसर है।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं भी दी थीं। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि देशभर के अपने परिवारजनों को दीपावली की असीम शुभकामनाएं।

पिछले साल INS विक्रांत पर जवानों के साथ मनाई थी दिवाली

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2025 में दिवाली भारतीय नौसेना के जवानों के साथ मनाई थी। इस दौरान वह गोवा और कारवार के पास पश्चिमी तट पर तैनात स्वदेशी विमानवाहक पोत INS विक्रांत पहुंचे थे। यह दौरा पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत की ओर से चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर के कुछ महीनों बाद हुआ था।

INS विक्रांत पर प्रधानमंत्री ने नौसेना के जवानों से बातचीत की और उनके साथ पारंपरिक सामूहिक भोज में हिस्सा लिया। उन्होंने विमानवाहक पोत पर आयोजित एयर पावर डेमोंस्ट्रेशन भी देखा। इस दौरान मिग-29 लड़ाकू विमानों को उड़ान भरते और उतरते हुए देखा।

प्रधानमंत्री ने नौसेना कर्मियों की ओर से आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी भाग लिया और विमानवाहक पोत पर आयोजित योग सत्र में हिस्सा लिया। उन्होंने INS विक्रांत को भारत की स्वदेशी रक्षा क्षमताओं और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बताया था।

जवानों के बीच त्योहार मनाने की परंपरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई अवसरों पर देश के सुरक्षा बलों के जवानों के बीच पहुंचकर त्योहार मनाते रहे हैं। उनका बस्तर दौरा भी इसी क्रम में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नक्सलवाद से प्रभावित रहे क्षेत्र में सुरक्षा बलों के साथ दिवाली मनाने का यह कार्यक्रम जवानों के मनोबल और उनके योगदान को सम्मान देने का अवसर होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button