utrakhandउत्तरकाशीटिहरीटॉप न्यूज़ट्रेंडिंग

दीपावली को लेकर अलर्ट मोड में पुलिस, एसएसपी अजय गणपति ने संभाली सुरक्षा की कमान

जन एक्सप्रेस /रुद्रपुर :-  दीपावली और अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए ऊधमसिंह नगर पुलिस अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने स्वयं पुलिस बल के साथ रुद्रपुर के मुख्य बाजार क्षेत्र का भ्रमण और निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाजार में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसएसपी ने त्योहारी सीजन के दौरान बाजारों और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने और प्रभावी चेकिंग के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने को कहा।

इस दौरान एसएसपी ने जनपद नियंत्रण कक्ष और सीसीटीवी कंट्रोल रूम के माध्यम से भी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बाजार क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार नजर रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। कानून व्यवस्था प्रभावित करने या शांति भंग करने का प्रयास करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रशासन की ओर से आमजन से भी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button