
जन एक्सप्रेस /नैनीताल :- दोस्तों के साथ नैनीताल की नयना पीक घूमने गया ग्राफिक एरा का 19 वर्षीय छात्र अननव लापता हो गया। छात्र के लापता होने की सूचना पर एसडीआरएफ, पुलिस, दमकल विभाग और वन विभाग की टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं। शनिवार सुबह भी चार टीमों ने क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया।
जानकारी के अनुसार बिहार के मुंगेर निवासी तीन युवक चार नवंबर को हल्द्वानी पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने अपने गांव के ग्राफिक एरा में पढ़ने वाले छात्र अननव से संपर्क किया। शुक्रवार को चारों दोस्त किराये पर स्कूटी लेकर नैनीताल पहुंचे। अननव पहले नयना पीक घूम चुका था, इसलिए वह अपने दोस्तों को भी वहां घुमाने ले गया।
बताया गया कि शुक्रवार दोपहर करीब 2:20 बजे चारों दोस्त नैनीताल की सबसे ऊंची चोटी नयना पीक की ओर रवाना हुए। शाम करीब 5:15 बजे तीनों दोस्त टंकी बैंड स्थित वन चौकी पहुंचे और बताया कि अननव फोटो खींचते समय अचानक लापता हो गया। इसके बाद तीनों मल्लीताल कोतवाली पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य रेस्क्यू एजेंसियों ने छात्र की तलाश शुरू कर दी। देर रात तक अभियान चलाया गया, लेकिन छात्र का पता नहीं चल सका। शनिवार सुबह कोतवाली मल्लीताल के प्रभारी राजेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में एसडीआरएफ, दमकल विभाग, पुलिस और वन विभाग की चार टीमें दोबारा तलाश में जुट गईं।
गौरतलब है कि इससे पहले 19 नवंबर 2025 को इसी नयना-किलबरी इको टूरिज्म जोन में रुद्रपुर निवासी 17 वर्षीय जयस भी लापता हो गया था। उसे करीब दो दिन की तलाश के बाद खोजा जा सका था।






