
जन एक्सप्रेस /सितारगंज :- शहीद ऊधम सिंह रक्त सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में 5 नवंबर को राजकीय महाविद्यालय सिसौना में 49वें रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 36 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए मानवता की मिसाल पेश की।
शिविर में स्वर्गीय बालकृष्ण देवकी जोशी ब्लड बैंक, हल्द्वानी की टीम ने रक्त संग्रह किया। इस दौरान रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की सहायता का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. रेणु बंसल और प्रोफेसर डॉ. महेश चंद्र आर्य का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन रहा। उन्होंने रक्तदान जैसे सामाजिक कार्यों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों को इसके लिए प्रेरित किया।
शिविर के सफल आयोजन में ट्रस्ट के सदस्य रवि जोरा, अमित बोरा, सारांश पानू, विक्रांत तिवारी और अमरदीप रंधावा ने सक्रिय भूमिका निभाई। सदस्यों ने प्रचार-प्रसार, रक्तदाताओं को जागरूक करने और शिविर की व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
ट्रस्ट पिछले करीब छह वर्षों से लगातार रक्तदान एवं समाजसेवा के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। संस्था की ओर से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के साथ-साथ कैंसर और थैलेसीमिया से पीड़ित मरीजों सहित अन्य जरूरतमंद लोगों की सहायता भी की जाती है।
ट्रस्ट के संस्थापक एवं अध्यक्ष गुरवीर सिंह ने सभी रक्तदाताओं, महाविद्यालय की प्रधानाचार्य, प्रोफेसर, सहयोगियों और ब्लड बैंक की टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का माध्यम है। ट्रस्ट भविष्य में भी इसी तरह निस्वार्थ भाव से समाजसेवा के कार्य जारी रखेगा।






