
जन एक्सप्रेस /देहरादून :- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास से उत्तराखंड परिवहन निगम की 59 नई साधारण बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बीएस-6 उत्सर्जन मानकों वाली इन बसों के शामिल होने से प्रदेश की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र को बेहतर और सुरक्षित परिवहन सुविधा से जोड़ना है। खासकर पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
नई बसों का आवंटन प्रदेश के तीन मंडलों में किया गया है। इनमें नैनीताल मंडल को 19, टनकपुर मंडल को 20 और देहरादून मंडल को 20 बसें मिली हैं। इन बसों का संचालन जरूरत के अनुसार विभिन्न मार्गों पर किया जाएगा। इससे स्थानीय लोगों के साथ प्रदेश में आने वाले पर्यटकों को भी आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में मजबूत सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था का विशेष महत्व है। बस सेवाओं का विस्तार दूरस्थ गांवों तक बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगा।
59 नई बसों के शामिल होने के बाद उत्तराखंड परिवहन निगम के बेड़े में कुल 1,276 बसें हो गई हैं। इनमें निगम की 891 अपनी बसें और 385 अनुबंधित बसें शामिल हैं। बीएस-6 मानकों वाली नई बसों से परिवहन सेवाओं को आधुनिक बनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, समाज कल्याण मंत्री खजान दास, विधायक भूपाल राम टम्टा, सचिव एवं परिवहन आयुक्त रविनाथ रामन सहित परिवहन विभाग और उत्तराखंड परिवहन निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।






