
जन एक्सप्रेस /रुद्रप्रयाग :- जन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सोमवार को जिला सभागार में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, मुआवजा और गौशाला निर्माण सहित विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। इस दौरान कुल 15 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से सात का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशों पर आयोजित जन संवाद में सीडीओ ने शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को प्रेषित करते हुए निर्धारित समयावधि में उनका निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान सीडीओ ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की। समीक्षा में एल-1 स्तर की 103 और एल-2 स्तर की 14 शिकायतें निस्तारण के लिए लंबित मिलीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का शीघ्र निस्तारण कर पोर्टल पर कार्रवाई की अद्यतन स्थिति दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही शिकायतकर्ताओं को फोन के माध्यम से कार्रवाई और निस्तारण की जानकारी देने को कहा।

जन संवाद में चौरिया क्षेत्र के ग्रामीणों ने राजकीय इंटर कॉलेज चौरिया में निर्माणाधीन पुस्ते के ऊपर सुरक्षा रेलिंग लगाने की मांग उठाई। वहीं पोखरी निवासी राजन कुमार ने ग्राम पंचायत पोखरी के अंतर्गत रतूड़ा से गथवाड़ू और माली तोक तक मोटर मार्ग निर्माण की मांग रखी। इसके अलावा ग्रामीणों ने गौशाला निर्माण, मुआवजा, सड़क और पेयजल से जुड़ी समस्याएं भी उठाईं।
सीडीओ राजेंद्र सिंह रावत ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित एवं समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को जन संवाद और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय में निस्तारित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, एसडीएम जखोली भगत सिंह फोनिया, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, सीएमओ डॉ. पारुल गोयल, अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी संदीप भट्ट, पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता पवन कुमार, ग्रामीण निर्माण विभाग की अधिशासी अभियंता मीनल गुलाटी, एनएच की सहायक अभियंता प्रेरणा जगूड़ी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।हाइलाइट: जन संवाद में 15 शिकायतें दर्ज, सात का मौके पर समाधान। सीएम हेल्पलाइन पर एल-1 की 103 और एल-2 की 14 शिकायतें लंबित मिलीं।






