
जन एक्सप्रेस/ उत्तरकाशी: 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ज्ञानसू स्थित महर्षि विद्या मंदिर, उत्तरकाशी में विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक एवं समस्त स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया और नियमित योग अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ योगाभ्यास के साथ हुआ, जिसमें व्यायाम शिक्षक कमलेश राणा ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और योग की बारीकियों का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि नियमित योग से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन संतुलित रहता है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य विवेक रावत ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है और इसे प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दैनिक दिनचर्या का अनिवार्य हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नियमित योग करने से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है और स्वस्थ जीवनशैली विकसित होती है।
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने “योग भगाए रोग” के संदेश को अपनाते हुए नियमित योग करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
योग शिविर को सफल बनाने में प्रभा पंवार, सुभाष बधानी, सुनील रमोला, मोहित रावत, विपिन पयाल, मुरली प्रसाद, मनोज जोशी, आशुतोष पंवार, जगन्नाथ, सुनील राम, अनिता पूर्ति सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।






