utrakhandअन्य खबरेउत्तराखंडराज्य खबरें

पुरोला में आशा कार्यकर्ताओं का छठे दिन भी धरना, 42 हजार वेतन समेत 7 मांगों पर प्रदर्शन

आशा कार्यकर्ताओं का छठे दिन भी धरना जारी, 42 हजार रुपये मासिक वेतन समेत सात सूत्रीय मांगों पर अड़ीं

जन एक्सप्रेस | पुरोला। उत्तराखंड आशा कार्यकर्ता यूनियन का सात सूत्रीय मांगों को लेकर तहसील परिसर पुरोला में धरना प्रदर्शन छठे दिन भी जारी रहा। आशा कार्यकर्ताओं ने सरकार से अपनी लंबित मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है।

यूनियन की ओर से स्वास्थ्य महानिदेशक एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण निदेशालय को भेजे गए ज्ञापन में बताया गया कि आशा कार्यकर्ताओं की मांगों को लेकर 3 मार्च 2024 को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में वार्ता हुई थी। इस दौरान मानदेय बढ़ाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन लंबे समय बीतने के बावजूद इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

यूनियन की प्रमुख मांगों में आशा कार्यकर्ताओं के लिए न्यूनतम 42 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन निर्धारित करना, भविष्य निधि (पीएफ) और ईएसआई की सुविधा उपलब्ध कराना तथा सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन के साथ पांच लाख रुपये की एकमुश्त आर्थिक सहायता देना शामिल है।

इसके अलावा 46वें श्रम सम्मेलन की सिफारिशों को लागू करने, आशा कार्यकर्ताओं को सामाजिक सुरक्षा का लाभ देने और उन्हें कर्मकार का दर्जा घोषित करने की मांग भी उठाई गई है। यूनियन ने श्रमिक विरोधी श्रम कानूनों में संशोधन कर आशा कार्यकर्ताओं के हितों के अनुरूप नियम बनाने की मांग की है।

यूनियन पदाधिकारियों का कहना है कि आशा कार्यकर्ता लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण और अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों को धरातल पर पहुंचाने में उनका अहम योगदान है। इसके बावजूद उन्हें उनके कार्य और जिम्मेदारियों के अनुरूप मानदेय एवं सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।

आशा कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।

धरने में रिंकी, सरोज, गीता, कविता, ममता, रेखा, सीमा, दुलारी, सुषमा, नर्मदा, सुमित्रा, अंजना, कुसुम, विनीता, संगीता, मीना, सुनीता, वीना, परवीना, सुचिता सहित अन्य आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button