
जन एक्सप्रेस /देवलकोट (चमोली) :- श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल देवलकोट में तीन दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताओं का शुभारंभ उत्साह और उल्लास के साथ हुआ। समारोह में विद्यार्थियों ने मार्च पास्ट के जरिए अनुशासन, एकजुटता और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य वीरेंद्र सिंह चौधरी, विशिष्ट अतिथि क्षेत्र पंचायत सदस्य विपिन कुमार, पीटीए अध्यक्ष शिव सिंह नेगी एवं प्रधानाचार्य मुकेश कुंवर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेलों से जहां बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है, वहीं उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना भी विकसित होती है।
प्रतियोगिताओं के पहले दिन विभिन्न सदनों के विद्यार्थियों ने मार्च पास्ट के माध्यम से अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इसके बाद चेयर रेस, शटल रेस और खो-खो सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का प्रदर्शन किया।
समारोह में हरेंद्र चौधरी, अशोक चौधरी, प्रेम गौड़, ग्राम प्रधान ऐरोली विक्रम सिंह रावत, हरेंद्र रावत और नवीन रावत सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।






