utrakhandउत्तरकाशीराज्य खबरें

दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, पांच प्रतिष्ठानों से मिठाई-दूध के नमूने लिए

सिल्ली, अगस्त्यमुनि और विजयनगर में चला जांच अभियान, एक्सपायरी जीरा-पापड़ मौके पर नष्ट; दुकानदारों को स्वच्छता मानकों का पालन करने की चेतावनी*

जन एक्सप्रेस /रुद्रप्रयाग :-  दीपावली और आगामी त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को विभागीय टीम ने सिल्ली, अगस्त्यमुनि और विजयनगर क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों, मिठाई की दुकानों और डेयरी कारोबारियों के यहां औचक छापेमारी कर पांच खाद्य नमूने जांच के लिए एकत्र किए। वहीं, एक प्रतिष्ठान में एक्सपायरी जीरा और पापड़ मिलने पर उन्हें मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनोज सेमवाल और फूड सुपरवाइजर सतवीर रावत के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान मिठाई की दुकानों में रखी मिठाइयों की जांच की गई। विभाग की सख्ती का असर यह रहा कि मिठाई विक्रेताओं ने अपनी विक्रय ट्रे पर निर्माण तिथि और उपभोग की अंतिम तिथि प्रदर्शित करना शुरू कर दिया है।

जांच दल ने संदेह के आधार पर पांच प्रतिष्ठानों से बालूशाही, गुलाब जामुन, बेसन का लड्डू, बीकानेरी बर्फी और गाय के दूध के नमूने लिए। इन सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य एवं औषधि विश्लेषणशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में स्वच्छता मानकों की अनदेखी भी सामने आई, जिस पर संचालकों को कड़ी चेतावनी दी गई। एक दुकान में जीरे के छोटे पाउच और पापड़ एक्सपायरी पाए जाने पर विभागीय टीम ने संबंधित कारोबारी को फटकार लगाते हुए सामग्री मौके पर ही नष्ट करा दी।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी, गुणवत्ता और खाद्य पदार्थों की शुद्धता पर निगरानी रखने के लिए जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button