
जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच पहुंचकर उनके साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कार्मिकों को मिठाई वितरित कर दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा उनके सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने पुलिस परिवार के नन्हे-मुन्ने बच्चों को दीपावली के उपहार भी भेंट किए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखते ही बन रहा था। उन्होंने बच्चों के साथ आत्मीयता से समय बिताते हुए उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए अनेक बार त्योहारों पर भी अपने परिवार से दूर रहकर आमजन की सुरक्षा में तैनात रहते हैं। ऐसे में पुलिस परिवार के साथ त्योहारों की खुशियां साझा करना आपसी विश्वास, अपनत्व और पारिवारिक भावना को मजबूत करता है।
उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी निष्ठा, समर्पण एवं सकारात्मक ऊर्जा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी टिहरी चंद्रमोहन सिंह, क्षेत्राधिकारी नरेंद्र नगर सुरेंद्र सिंह भंडारी, सीएफओ टिहरी संजीवा कुमार, प्रभारी निरीक्षक मुनि की रेती प्रदीप चौहान, प्रभारी निरीक्षक चंबा विपिन बहुगुणा, एवं पुलिस कार्मिक मौजूद रहे।






