उत्तरकाशीटिहरीटॉप न्यूज़ट्रेंडिंगदेश

पूर्व विधायक मालचंद ने किया पत्रकारों का सम्मान।

जन एक्सप्रेस /पुरोला :- शुभ दीपावली के पावन पर्व पर पूर्व विधायक मालचंद ने रविवार को अपने आवास धिवरा में यमुना घाटी के सभी पत्रकारों के सम्मान में दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के पत्रकारों का फूलमालाओं से स्वागत कर शुभ दीपावली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में क्षेत्र के बुद्धिजीवी एवं गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक मालचंद ने अपने राजनीतिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए विधायक कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और विकास निधि के बावजूद उन्होंने विपक्ष में रहते हुए भी क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए। उनका प्रयास रहा कि विकास की रोशनी अंतिम व्यक्ति और दूरस्थ गांव तक पहुंचे।

उन्होंने कहा कि यमुना घाटी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक संस्कृति का संरक्षण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहा है। उन्होंने कहा कि विधायक कार्यकाल के दौरान क्षेत्र के प्राचीन मंदिरों के सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार के साथ ही पारंपरिक लोक वाद्य यंत्रों को संरक्षित करने की दिशा में भी पहल की गई, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी सांस्कृतिक पहचान से जुड़े रहें।

पत्रकारों से संवाद के दौरान उन्होंने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भी खुलकर चर्चा की। उन्होंने पत्रकारों एवं बुद्धिजीवियों से क्षेत्र के विकास, जनसमस्याओं और जनहित से जुड़े विषयों पर सुझाव मांगे। मालचंद ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता एक सशक्त स्तंभ है। पत्रकार समाज की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि पुरोला विधानसभा क्षेत्र की जनता ने उन्हें दो बार सेवा करने का अवसर दिया, जिसे वह अपने जीवन का सबसे बड़ा सम्मान मानते हैं। जनता से मिले प्रेम और विश्वास के लिए वह सदैव आभारी रहेंगे। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता बलदेव असवाल, सोबेद्र राणा व जिला पत्रकार संगठन के अध्यक्ष सुनील थपलियाल, चिरंजीव सेमवाल, दिनेश रावत,आर के उनियाल,तिलक रमोला, विजयपाल रावत सहित यमुना घाटी के पत्रकार मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button