हरदोई से 27 इंस्पेक्टरों का गैर जनपद तबादला, शहर कोतवाल संजय त्यागी सीतापुर भेजे गए

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई पुलिस विभाग में गुरुवार को बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल हुआ। लखनऊ परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय से जारी आदेश के तहत हरदोई में तैनात 27 निरीक्षकों का गैरजनपद स्थानांतरण कर दिया गया है। इनमें शहर कोतवाल संजय कुमार त्यागी का नाम भी शामिल है, जिन्हें सीतापुर भेजा गया है।
यह तबादला भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के तहत किया गया है। आयोग ने 27 अक्टूबर 2026 को जारी निर्देशों में चुनाव से पहले निर्धारित कार्यकाल पूरा करने वाले अधिकारियों और निरीक्षकों को उनके वर्तमान तैनाती वाले जनपद से हटाने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में पुलिस महानिरीक्षक (स्थापना) के 29 अक्टूबर के पत्र के आधार पर 12 नवंबर को क्षेत्रीय पुलिस स्थापना बोर्ड की बैठक में तबादलों को अंतिम रूप दिया गया। जिन निरीक्षकों का एक जनपद में कार्यकाल 31 मई 2027 तक पूरा हो रहा था, उन्हें दूसरे जनपदों में भेजा गया है।
इन निरीक्षकों का हुआ तबादला
हरदोई से स्थानांतरित किए गए निरीक्षकों में इन्द्रेश कुमार यादव, हरिनाथ, अनिल कुमार, उमाकांत दीपक, बालकृष्ण मिश्रा, विद्यासागर, प्रेमसागर सिंह, वासुदेव यादव, मनोज कुमार सिंह, राजदेव मिश्र, इख्तियार हुसैन, मारकण्डेय सिंह, प्रमोद कुमार यादव, प्रेमपाल सिंह, विजेन्द्र सिंह, अरविन्द कुमार राय, नारायण कुमार कुशवाहा, राकेश सिंह यादव, राम अवध चौहान, राजेश कुमार शर्मा, अनिल कुमार, निर्भय कुमार सिंह, उमेश त्रिपाठी, संजय कुमार त्यागी, विनोद कुमार, रमेश कुमार द्विवेदी और विजय कुमार वाल्मीकि शामिल हैं।
आईजी कार्यालय ने संबंधित अधिकारियों को सभी स्थानांतरित निरीक्षकों को तत्काल कार्यमुक्त कर नवीन तैनाती वाले जनपदों में रवाना करने तथा अनुपालन रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं। एक साथ हुए इस फेरबदल से हरदोई के कई थानों में प्रभारियों के बदलाव की स्थिति बन गई है। खासकर शहर कोतवाली की जिम्मेदारी अब किसे सौंपी जाएगी, इस पर पुलिस महकमे की निगाहें टिकी हैं। नए निरीक्षकों की तैनाती को लेकर भी जल्द आदेश जारी होने की संभावना जताई जा रही है।






