CrimeCyber Fraudutrakhandउत्तरकाशी

दिनदहाड़े फायरिंग कर दहशत फैलाने वाला आरोपी पिस्टल समेत गिरफ्तार

गदरपुर पुलिस ने अगले ही दिन दबोचा आरोपी, इटली मेड बेरेटा पिस्टल, दो कारतूस और स्विफ्ट कार बरामद

जन एक्सप्रेस /गदरपुर :-  क्षेत्र में दिनदहाड़े फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले आरोपी को गदरपुर पुलिस ने घटना के अगले ही दिन गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से इटली मेड पी बेरेटा 32 बोर पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की स्विफ्ट कार बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, 11 नवंबर को विजय कुमार पुत्र होरी लाल निवासी डिबडिबा, बिलासपुर (रामपुर) ने कोतवाली गदरपुर में तहरीर देकर बताया कि भगवानसरन दीप सिंह पुत्र स्वर्गीय परमजीत सिंह निवासी पाम ग्रीन, रुद्रपुर ने उनके जीजा पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर उन्हें घायल कर दिया। आरोप है कि घटना के बाद आरोपी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया।

तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ऊधमसिंह नगर के निर्देश पर पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की।

12 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम अलखदेवा तिराहा मोड़ के पास घेराबंदी कर आरोपी भगवानसरन दीप सिंह (44) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से इटली मेड पी बेरेटा 32 बोर पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा पुलिस ने सफेद रंग की स्विफ्ट कार संख्या यूके06-जेड-4636 भी बरामद की है।

पुलिस ने मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा की बढ़ोतरी की है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button