LucknowPoliticsUP Breaking Newsअन्य खबरेउत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़ट्रेंडिंगदेशब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिराज्य खबरें

ओवैसी और चंद्रशेखर की जोड़ी पर बीजेपी का हमला, केशव मौर्य ने कही बड़ी बात

यूपी 2027 ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन पर केशव मौर्य का हमला, बोले- यह सामाजिक परिवर्तन नहीं 'ठगबंधन' है

जन एक्सप्रेस /लखनऊ :-  उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ के ऐलान के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इस गठबंधन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इसे ‘ठगबंधन’ करार देते हुए कहा कि जनता अब किसी के बहकावे में आने वाली नहीं है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।

ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन पर केशव मौर्य का तंज

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य लखनऊ में बीजेपी की बैठक में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान जब उनसे असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधा। केशव मौर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को गंभीरता से ले रही है और पार्टी ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का गठबंधन हो या ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का गठबंधन, ये सभी जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन जनता इनके बहकावे में नहीं आने वाली है। उन्होंने आगे कहा कि जनता के सामने सभी की सच्चाई है और बीजेपी पर लोगों का विश्वास कायम है। मौर्य ने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश में एक बार फिर बीजेपी प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

वोटर लिस्ट में नाम कटने के सवाल पर क्या बोले डिप्टी सीएम?

इस दौरान केशव प्रसाद मौर्य से उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची से वोटरों के नाम कटने को लेकर भी सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि मतदाता कहीं नहीं गए हैं। जिन मतदाताओं के नाम छूट गए होंगे, वे अपनी प्रक्रिया पूरी करेंगे। उन्होंने कहा कि बीजेपी भी इस मामले में अपनी भूमिका निभाएगी। मौर्य ने दोहराया कि पार्टी प्रदेश में प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ चुनावी तैयारियों में जुटी हुई है।

अरुण गोविल ने भी गठबंधन पर दी प्रतिक्रिया

मेरठ से बीजेपी सांसद अरुण गोविल ने भी ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अभी चुनाव में काफी समय है और आगे बहुत कुछ देखने को मिलेगा। अरुण गोविल के मुताबिक, चुनाव से पहले इस तरह के कई गठबंधन और राजनीतिक समीकरण बनेंगे। जब चुनाव से पहले जोड़-घटाव की पूरी प्रक्रिया सामने आएगी, तभी पता चलेगा कि प्रदेश की राजनीति में आगे क्या होने वाला है।

403 सीटों पर चुनाव लड़ेगा सामाजिक परिवर्तन मोर्चा

गौरतलब है कि गुरुवार को असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी ने गठबंधन का ऐलान किया था। इस गठबंधन को ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ नाम दिया गया है। गठबंधन ने उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। इसके साथ ही चंद्रशेखर आजाद को गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया है। इस नए राजनीतिक मोर्चे के सामने आने के बाद यूपी की सियासत में नए समीकरणों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। अब देखना होगा कि आगामी विधानसभा चुनाव में यह गठबंधन अपनी राजनीतिक रणनीति को किस तरह आगे बढ़ाता है और प्रदेश की चुनावी राजनीति पर इसका क्या असर पड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button