अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस /सितारगंज :- अवैध असलहों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सितारगंज पुलिस ने एक युवक को 315 बोर के अवैध तमंचे और एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर को सिडकुल चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सिसौना बाजार में मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति तुर्की तिसौर रोड स्थित ईंट भट्टे के पास तमंचा लेकर पैदल जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर संदिग्ध युवक भागने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर युवक की जींस की बाईं फेट से 315 बोर का अवैध तमंचा और दाहिनी जेब से एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, तमंचा चालू हालत में था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान योगेश पुत्र राजेन्द्र सिंह (19 वर्ष) निवासी ग्राम केवलगंज थाना गदरपुर जनपद ऊधमसिंहनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने कोतवाली सितारगंज में आयुध अधिनियम में अभियोग पंजीकृत किया है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, सिडकुल चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार और कांस्टेबल सुनील चौहान शामिल रहे।






