utrakhandउत्तरकाशीदेशब्रेकिंग न्यूज़राज्य खबरें

छात्राओं को बताया करियर चयन का सही रास्ता, अनुशासन और मेहनत को सफलता की कुंजी

जन एक्सप्रेस /गैरसैंण (चमोली) :-  राजकीय इंटर कॉलेज देवलकोट में शनिवार को समग्र शिक्षा माध्यमिक चमोली के निर्देशों के अनुपालन में कक्षा नौ से 12वीं तक की छात्राओं के लिए करियर गाइडेंस एवं काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने छात्राओं को करियर चयन, लक्ष्य निर्धारण, अनुशासन और स्वरोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य करमजीत सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े मैती समन्वयक राहुल चौहान मुख्य वक्ता एवं काउंसलर के रूप में शामिल हुए। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में अनुशासन, मेहनत, लगन और सकारात्मक ऊर्जा के साथ किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। विद्यार्थियों को अपने करियर का चुनाव अपनी रुचि, कला, योग्यता और क्षमता को पहचानने के बाद करना चाहिए। सही मार्गदर्शन और निरंतर प्रयास से सफलता की राह आसान हो जाती है।

उन्होंने छात्राओं को नशे से दूर रहने तथा शिक्षा और अपने भविष्य के प्रति गंभीर रहने की सलाह दी। कहा कि विद्यार्थियों को अपने जीवन में सकारात्मक सोच अपनाकर लक्ष्य की दिशा में निरंतर आगे बढ़ना चाहिए।

कार्यक्रम में सेवानिवृत्त सैनिक एवं अर्धसैनिक बल से जुड़े भूपेंद्र चौहान ने छात्राओं को सेना में करियर बनाने के अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को देशसेवा के लिए प्रेरित करते हुए रक्षा क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं के बारे में बताया।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक राजेंद्र मैखुरी, जगदीश रावत, नीरज कुमार, पूनम, पूजा, पूजा टम्टा और नीतू रावत सहित विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक नीरज कंडवाल ने किया। अंत में प्रभारी प्रधानाचार्य करमजीत सिंह ने छात्राओं को सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button