डीएम-एसपी ने किया पीईटी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण

रिपोर्ट वैभव श्रीवास्तव
जन एक्सप्रेस /फतेहपुर :- प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने शनिवार को शहर के कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने निरंकारी बालिका इंटर कॉलेज, एएस इंटर कॉलेज, महात्मा गांधी महाविद्यालय सहित अन्य केंद्रों पर पहुंचकर सीसीटीवी कैमरे, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और प्रवेश प्रक्रिया की जांच की।

इस दौरान ड्यूटी पर तैनात केंद्र व्यवस्थापकों, मजिस्ट्रेट और पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए गए कि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और परीक्षा पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाए। एसपी ने बताया कि सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है।






