utrakhandउत्तरकाशीपुरोला

जरमोला, द्वारी और रेथल उद्यान केंद्रों में उपलब्ध होंगे उन्नत किस्म के सेब पौधे, बागवानों को मिलेगा आधुनिक बागवानी का लाभ

जन एक्सप्रेस /पुरोला :-  प्रखंड के राजकीय उद्यान एवं प्रशिक्षण संस्थान जरमोला तथा राजकीय उद्यान केंद्र द्वारी और रेथल में इस वर्ष उन्नत एवं उच्च गुणवत्ता वाली सेब की विभिन्न किस्मों के पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे क्षेत्र के बागवान आधुनिक एवं अधिक उत्पादन देने वाली किस्मों के पौधे आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।

उप निदेशक राजकीय उद्यान एवं प्रशिक्षण संस्थान जरमोला ज्योति बजेली ने बताया कि राजकीय उद्यान एवं प्रशिक्षण संस्थान जरमोला में लगभग 17 हजार, राजकीय उद्यान केंद्र द्वारी में 20 हजार तथा राजकीय उद्यान केंद्र रेथल में लगभग 8 हजार सेब के पौधे उपलब्ध हैं। इच्छुक बागवान अपनी आवश्यकता के अनुसार इन केंद्रों से पौधे प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष किंग रोट, स्निकोरेड गाला, फेंज़म गाला, ग्रीन स्मिथ, मेमा मास्टर, डार्क बैरेन गाला, टी-रेक्स गाला, बुकाई गाला, फेन प्लस, आरडी-11 तथा जीरोमाइन जैसी उन्नत एवं अधिक उत्पादन क्षमता वाली सेब की किस्मों के पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। किसानों के लिए रूट स्टॉक के अलावा सीडलिंग पौधे भी उपलब्ध हैं।

ज्योति बजेली ने बताया कि उच्च गुणवत्ता वाले बाग तैयार करने के लिए एम-9 (M9), एम-111 (M111), एमएम-106 (MM106) तथा एम-7 (M7) रूट स्टॉक भी किसानों को उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे वैज्ञानिक तरीके से बागवानी को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने क्षेत्र के बागवानों से अपील की कि वे प्रमाणित एवं गुणवत्तायुक्त पौध सामग्री का ही चयन करें, ताकि भविष्य में बेहतर उत्पादन और गुणवत्तापूर्ण फल प्राप्त हो सकें। उन्होंने कहा कि विभाग किसानों को आधुनिक बागवानी तकनीकों और उन्नत पौध सामग्री उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहा है, जिससे क्षेत्र में सेब उत्पादन और किसानों की आय में वृद्धि हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button