पीईटी परीक्षा को लेकर डीएम-एसपी ने चार केंद्रों का किया औचक निरीक्षण
हरदोई में नौ केंद्रों पर आयोजित हुई परीक्षा, 2802 परीक्षार्थियों ने दी परीक्षा, 1230 रहे अनुपस्थित

जन एक्सप्रेस/हरदोई। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, शुचितापूर्ण एवं नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। रविवार को प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने जनपद के चार परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

डीएम और एसपी ने राजकीय इंटर कॉलेज हरदोई, वेणी माधव विद्यापीठ बालिका इंटर कॉलेज, आर्य कन्या महाविद्यालय तथा आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कैमरों के संचालन तथा अन्य आवश्यक इंतजामों की बारीकी से जांच की।
निरीक्षण के दौरान डीएम राहुल पाण्डेय ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग एवं शासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही अधिकारियों को लगातार भ्रमणशील रहकर परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार, रविवार को जनपद हरदोई में प्रथम पाली की परीक्षा के लिए कुल नौ परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर कुल 4032 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 2802 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में प्रतिभाग किया, जबकि 1230 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने परीक्षा को व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं पर निगरानी बनाए रखी।






