अन्य खबरेउत्तरकाशीउत्तराखंडराज्य खबरें

उत्तरकाशी: बर्फीली पहाड़ियों और बारिश के बीच ध्याणी सम्मान सम्मेलन, महिलाओं ने किया शानदार रासो नृत्य

बर्फीली पहाड़ियों और बारिश के बीच धूमधाम से मना ध्याणी सम्मान सम्मेलन, रासो नृत्य ने मोहा मन

जन एक्सप्रेस | उत्तरकाशी । उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और पारिवारिक रिश्तों की खूबसूरत झलक उत्तरकाशी के जसपुर गांव में देखने को मिली। विकासखंड भटवाड़ी की टकनौर पट्टी स्थित ग्राम सभा जसपुर में भगवान श्री टाडींग नाग देवता के पावन प्रांगण में भव्य ध्याणी सम्मान सम्मेलन आयोजित किया गया। बर्फ से ढकी पहाड़ियों और बारिश के बीच आयोजित इस समारोह में ग्रामीणों और ध्याणियों का उत्साह देखते ही बना।

बारिश और ठंड भी नहीं रोक सकी महिलाओं का उत्साह

सम्मेलन के दौरान मौसम की कठिन परिस्थितियों के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण और ध्याणियां कार्यक्रम में शामिल हुईं। पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीतों और ढोल-दमाऊ की गूंज ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ध्याणियों का पारंपरिक रासो नृत्य रहा। महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ रासो नृत्य प्रस्तुत किया। लोक संस्कृति और परंपराओं से सजे इस आयोजन ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। पूरा क्षेत्र पहाड़ी संस्कृति के रंग में सराबोर नजर आया।

ब्लॉक प्रमुख राजदीप सिंह परमार ने की शिरकत

इस भव्य आयोजन में विकासखंड डुण्डा के ब्लॉक प्रमुख राजदीप सिंह परमार ने भी प्रतिभाग किया। उन्होंने आयोजन समिति, ग्रामवासियों और सभी ध्याणियों को सुंदर एवं भव्य कार्यक्रम के आयोजन के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन पहाड़ की समृद्ध लोक संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और भाई-बहन के अटूट स्नेह के प्रतीक हैं।

नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का प्रयास

राजदीप सिंह परमार ने कहा कि ध्याणी सम्मान जैसे आयोजन केवल उत्सव तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और आने वाली पीढ़ियों को अपनी जड़ों एवं परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की लोक परंपराएं हमारी पहचान हैं और इन्हें जीवंत बनाए रखने के लिए समाज के सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है।

बर्फीली पहाड़ियों के बीच लोकगीतों, ढोल-दमाऊ और रासो नृत्य की गूंज ने जसपुर के इस आयोजन को यादगार बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button