Crimeutrakhandउत्तराखंडबागेश्वरराज्य खबरें

बागेश्वर में डबल मर्डर से सनसनी! बुजुर्ग दंपति की हत्या, भतीजा कुछ घंटों में गिरफ्तार

बागेश्वर में बुजुर्ग दंपति की हत्या, पुरानी रंजिश में भतीजे पर हमले का आरोप; कुछ घंटों में गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस | बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में बुजुर्ग दंपति की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। बैजनाथ थाना क्षेत्र के ग्राम नरग्वाड़ी में पुरानी रंजिश के चलते बुजुर्ग चाचा और चाची पर लोहे की रॉड से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल दंपति को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी भतीजे को गिरफ्तार कर लिया।

लोहे की रॉड से हमला, अस्पताल में दंपति की मौत

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान पूरन चन्द्र खोलिया (70) और उनकी पत्नी भगवती देवी (62) के रूप में हुई है। घटना की सूचना डायल 112 के माध्यम से मिलने पर बैजनाथ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल दंपति को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक पुलिस जांच में पुरानी रंजिश को घटना की वजह बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, मृतक दंपति के भतीजे गोविंद बल्लभ खोलिया पर लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप है।

चार थानों की पुलिस और SOG ने चलाया सर्च अभियान

दोहरी हत्या की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के निर्देश पर घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। आरोपी की तलाश के लिए बैजनाथ, कौसानी, कपकोट और झिरौली पुलिस के साथ एसओजी की संयुक्त टीमें गठित की गईं।

पुलिस टीमों ने रातभर सघन चेकिंग और तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी गोविंद बल्लभ खोलिया को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी की निशानदेही पर खून से सनी रॉड बरामद

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर कथित वारदात में इस्तेमाल की गई खून से सनी लोहे की रॉड बरामद की गई है। पुलिस ने बरामद वस्तु को जांच के लिए कब्जे में लिया है।

आरोपी का आपराधिक इतिहास भी आया सामने

पुलिस जांच में आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ राजस्व क्षेत्र गागरीगोल में हत्या के प्रयास का एक मामला पहले भी दर्ज है।

फिलहाल आरोपी के खिलाफ थाना बैजनाथ में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button