
जन एक्सप्रेस /नैनीताल :- उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की वर्षगांठ के आयोजन को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को कार्यक्रमों की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जनपद के प्रमुख राजकीय भवनों को एलईडी लाइटों से सजाया जाएगा। कुमाऊं मंडल विकास निगम के कार्यालयों और पर्यटक आवास गृहों को भी रोशनी से जगमग किया जाएगा।
स्थापना दिवस पर नैनीताल में मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाएगा। यह दौड़ डीएसए मैदान मल्लीताल से शुरू होकर निर्धारित मार्गों से होते हुए वापस डीएसए मैदान में समाप्त होगी। इसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ एनसीसी और एनएसएस कैडेट भी प्रतिभाग करेंगे। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसी तरह हल्द्वानी के गौलापार स्टेडियम से भी मैराथन दौड़ आयोजित की जाएगी।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे तल्लीताल स्थित शहीद स्मारक पर राज्य आंदोलनकारियों और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ होगी। इसमें अधिकारियों, कर्मचारियों और शहर के गणमान्य लोगों के शामिल होने की संभावना है। जिलाधिकारी ने नगर पालिका को शहीद स्मारक की साफ-सफाई और रंग-रोगन के साथ फूलमालाओं की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
इसके बाद सुबह 10 बजे डीएसए मैदान में मुख्य समारोह आयोजित होगा। दोपहर 12 बजे नैनी झील में नौकायन प्रतियोगिता शुरू होगी, जबकि दोपहर 1 बजे से डीएसए मैदान में हिमालय फूड फेस्टिवल लगाया जाएगा। इसमें पहाड़ के पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मंच, स्टॉल, साउंड सिस्टम, लाइटिंग, टेंट, पेयजल, विद्युत व्यवस्था और साफ-सफाई की जिम्मेदारी सौंपते हुए आपसी समन्वय से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम, बैंड प्रस्तुति, झांकियां और छोलिया नृत्य के आयोजन के लिए शिक्षा, संस्कृति और सूचना विभाग को समन्वय बनाने को कहा। मैराथन के दौरान चिकित्सा सुविधाओं से लैस दो एंबुलेंस और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी सौरभ अस्वाल, सचिव जिला विकास प्राधिकरण मनीष कुमार पंत, एसडीएम अनुराग आर्या, एसडीएम रेखा कोहली, जिला पर्यटन अधिकारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी, सीओ नैनीताल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।






