हापुड़ में दर्दनाक सड़क हादसा: एक ही बाइक पर सवार 5 की मौत
स्विमिंग पूल से लौटते समय कैंटर की टक्कर ने ली जान, चार मासूम बच्चों समेत व्यक्ति की मौके पर ही मौत

जनएक्सप्रेस/हापुड़/हाफिजपुर: बुधवार देर रात हाफिजपुर थाना क्षेत्र के पड़ाव कट के पास एक भीषण सड़क हादसे में एक ही बाइक पर सवार पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक 36 वर्षीय व्यक्ति और चार मासूम बच्चे शामिल हैं। सभी लोग गुलावठी क्षेत्र के मिठ्ठेपुर गांव स्थित एक बाग के स्विमिंग पूल में नहाकर लौट रहे थे। जैसे ही बाइक हाफिजपुर कट के पास पहुंची, तभी अचानक एक कैंटर ने साइड से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सभी पांचों लोग कैंटर के नीचे कुचल गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार मृतकों में मोहल्ला रफीकनगर निवासी दानिश (36), उसकी बेटियां मायरा (6), समायरा (5), भाई सरताज का बेटा समर (8) और वकील का बेटा माहिम (8) शामिल हैं। सभी एक ही बाइक से देर रात करीब साढ़े दस बजे गुलावठी से लौट रहे थे। हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कैंटर को जब्त कर लिया गया है, और चालक की तलाश जारी है।
एसएचओ हाफिजपुर आशीष पुंडीर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बाइक चालक के नशे में होने की आशंका जताई गई है, हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी। सीओ गढ़मुक्तेश्वर वरुण मिश्रा और अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर मामले की बारीकी से जांच कर रहे हैं। इस हृदयविदारक हादसे के बाद मृतकों के घरों में कोहराम मचा है, और मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है। बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवारों के घर और अस्पताल पहुंचकर दुख साझा कर रहे हैं।






