utrakhandउत्तरकाशीविकासनगर

विकास नगर में बिजली दाम, स्मार्ट मीटर और पानी निजीकरण के खिलाफ कांग्रेस का धरना

जन एक्सप्रेस /विकास नगर :-  रविवार को हाईवे ग्राउंड पर पूर्व कैबिनेट मंत्री नव प्रभात और चकराता विधायक प्रीतम सिंह के नेतृत्व में बढ़ते बिजली के दाम, स्मार्ट मीटर, ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की समस्या और विकास नगर में पानी व शिविरों के निजीकरण के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार पूरे क्षेत्र को एक कंपनी के हाथों गिरवी रख रही है। इस मौके पर पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रीतम सिंह ने कहा कि विकास नगर से उनका पुराना नाता है और वे नव प्रभात के साथ मिलकर क्षेत्र की समस्याओं के लिए हमेशा संघर्ष करेंगे। उन्होंने कहा कि आज पूरा विकास नगर सरकार द्वारा एक कंपनी के हाथों गिरवी रख दिया गया है, जिसे कांग्रेस किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं करेगी।

उन्होंने प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए हल्द्वानी में एबीवीपी कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए कृत्य को शर्मनाक बताया और अंकिता भंडारी को न्याय न मिलने तथा उनके माता-पिता के साथ दुर्व्यवहार को गंभीर मुद्दा करार दिया। प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार आने पर डाकपत्थर बेचने, पानी-शिविर के निजीकरण, स्मार्ट मीटर और बढ़ते बिलों जैसे सभी प्राइवेट सेक्टर को सौंपे गए कार्यों को फिर से सरकारी व्यवस्था में लाया जाएगा।

पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रसाद नैथानी ने नव प्रभात के वन मंत्री और शहरी विकास मंत्री रहे कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उस दौरान विकास नगर क्षेत्र में भी अभूतपूर्व कार्य हुए। उन्होंने प्रदेश में भ्रष्टाचार, खनन माफिया और भू माफिया के हावी होने तथा जनप्रतिनिधियों के अपमान को शर्मनाक बताया। हरीश धामी के झोलजीबी मेले में अपमान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए। नैथानी ने कहा कि आने वाला समय इस क्षेत्र का है और सरकार आम आदमी की कमाई लूट रही है। पूर्व कैबिनेट मंत्री नव प्रभात ने अपने पिता ब्रह्म दत्त और गुलाब सिंह से प्रेरणा का जिक्र करते हुए कहा कि विकास नगर में पेयजल और सिंचाई लाइन लाने का काम उनके पिताजी ने गुलाब सिंह के सहयोग से किया था। आज ग्रामीण क्षेत्रों में पानी के बढ़ते बिल, स्मार्ट मीटर के जरिए शोषण, टूटी सड़कें और पानी का निजीकरण देखकर वे चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि वे जनता के साथ खड़े हैं और कांग्रेस सरकार आने पर इन कंपनियों को यहां से हटाया जाएगा।

आर्येंद्र शर्मा ने कहा कि नव प्रभात ने तिवारी के समय विकास नगर और सहसपुर क्षेत्र के लिए विकास की नई परिभाषा लिखी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि आज भ्रष्टाचार में डूबी सरकार सब कुछ बेचना चाहती है, जिसे कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी। कार्यक्रम का संचालन शहर अध्यक्ष विकास शर्मा ने किया। इस मौके पर जिला अध्यक्ष संजय किशोर, ब्लॉक अध्यक्ष अभिनव ठाकुर, हरबर्टपुर के आशीष पुंडीर, नगर पालिका अध्यक्ष धीरज बॉबी नौटियाल, प्रदेश उपाध्यक्ष संजय जैन, विपुल जैन, प्रदेश सचिव शमी प्रकाश, सोहेल पक्ष, सोनू प्रधान, जाबिर प्रधान, सूफी शरीफ, असद, जितेंद्र रावत, शशि चौहान, सुनीता बिष्ट, कुसुम कौशल, अतुल शर्मा, सभासद मोहन राठौर, अर्चना नेगी, सोनिया वर्मा, भारत कालरा, सुमन लता, बलजीत सिंह, देवानंद पासी, सुरेंद्र राणा, प्रेम प्रकाश, राजेश पासी, विनय जायसवाल, नईम अहमद, दिनेश सानू, अमित चौहान, दर्शन चौहान, अनुपम कपिल, मधु कपिल, सुलेमान, कुलदीप, सुरेंद्र शर्मा, डीके बनर्जी, संदीप भटनागर, जीशान अली समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button